![]()
लेख :हर बात सलाह नहीं माँगती
कभी-कभी मन के भीतर बहुत कुछ जमा होता रहता है—कुछ अनकहे शब्द, कुछ अधूरे प्रश्न, कुछ ऐसी अनुभूतियाँ जिनका कोई स्पष्ट नाम नहीं होता। फिर किसी अपने के साथ बैठते ही मन की कोई खिड़की अनायास खुल जाती है और हम कहने लगते हैं।
हम बोलते हैं…
क्योंकि सामने वाला अपना है।
लेकिन क्या हर बार मन खोलकर कही गई बात किसी उत्तर की अपेक्षा रखती है?
नहीं।
कभी-कभी हम समाधान नहीं, केवल साझेदारी चाहते हैं।
कोई हमारे मन की उलझन सुलझाए नहीं, बस कुछ देर हमारे साथ उस उलझन में बैठा रहे।
यही शायद सुनने और सलाह देने के बीच का सबसे महीन अंतर है।
हम अक्सर किसी की पीड़ा सुनते ही उसे शब्दों से भर देना चाहते हैं—
“तुम्हें ऐसा करना चाहिए…”
“अगर मैं तुम्हारी जगह होती तो…”
हमारी नीयत में चिंता होती है, अपनापन होता है; लेकिन हर कही हुई बात सलाह की माँग नहीं होती।
कभी सामने वाला यह नहीं पूछ रहा होता—
“मुझे क्या करना चाहिए?”
वह शायद केवल इतना कह रहा होता है—
“मेरे भीतर जो कुछ है, उसे किसी अपने के सामने रख देना चाहती हूँ।”
क्योंकि मनुष्य का मन भी अजीब है—कई बार वह उत्तर खोजने से पहले स्वयं को सुना हुआ महसूस करना चाहता है।
कभी-कभी बोलते-बोलते ही विचारों की धुंध छँटने लगती है। जो उत्तर बाहर तलाश रहे थे, उसका कोई सिरा भीतर ही मिल जाता है।
इसलिए किसी की बात सुनते समय शायद हमें एक पल ठहरकर स्वयं से पूछना चाहिए—
“क्या वह मुझसे सलाह माँग रही है, या केवल अपना मन मेरे सामने रख रही है?”
यह छोटा-सा अंतर रिश्तों में बहुत बड़ी संवेदना बचा सकता है।
हर दुःख का उपचार शब्दों में नहीं होता।
हर उलझन को उसी क्षण सुलझाना भी आवश्यक नहीं।
कभी-कभी किसी के लिए इतना कहना ही पर्याप्त होता है—
“मैं तुम्हारी जगह नहीं हूँ, इसलिए तुम्हारी पूरी परिस्थिति को पूरी तरह समझने का दावा नहीं करूँगी। लेकिन तुम जो महसूस कर रही हो, उसे बिना किसी निर्णय के सुन सकती हूँ।”
हाँ, जब कोई सचमुच सलाह माँगे, तब अपने अनुभव से मिली सीख ईमानदारी से बाँटना मूल्यवान है। लेकिन अपनी समझ को दूसरे के जीवन का नियम बना देना उचित नहीं।
मेरी सीख मेरा अनुभव है; दूसरे के लिए वह केवल एक दृष्टिकोण हो सकती है।
हम अपना अनुभव दे सकते हैं, संभावित रास्ते दिखा सकते हैं, लेकिन उस रास्ते पर चलने या न चलने का अधिकार सामने वाले का है।
क्योंकि हर व्यक्ति की यात्रा अलग है—उसकी परिस्थितियाँ, उसके भय, उसके अनुभव और उसकी गति भी।
शायद परिपक्वता यही है कि हम अपनी बात कहने के बाद दूसरे के निर्णय की जिम्मेदारी अपने ऊपर न लें।
और शायद मित्रता का सबसे सुंदर रूप सलाह देना नहीं, बल्कि साथ देना है।
तुम्हें बदलना नहीं—
तुम्हें समझने की कोशिश करना।
तुम्हारे लिए निर्णय लेना नहीं—
तुम्हें अपना निर्णय लेने की स्वतंत्रता देना।
क्योंकि अंततः—
हर साझा की गई बात समाधान नहीं माँगती।
हर प्रश्न उत्तर नहीं माँगता।
हर पीड़ा सलाह नहीं माँगती।
कभी-कभी मन को बस एक ऐसा अपना चाहिए होता है, जिसके सामने वह बिना किसी भय के कह सके—
“तुम बस सुनो…
मुझे अभी कोई उत्तर नहीं चाहिए।
त्रिशला मिश्रा
Beautifully expressed! Not every conversation is a request for solutions. Sometimes, silent understanding, empathy and just being present are the greatest gifts we can offer. ❤️
Thank you so much! Sneha ❤️ Sometimes, the heart needs understanding more than answers